त्योहारों को लेकर पौड़ी पुलिस अलर्ट, पौड़ी और श्रीनगर में किया फ्लैग मार्च

श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्योहारों और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने पौड़ी और श्रीनगर के मुख्य बाजारों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही कानून एवं यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।