सत्यापन अभियान चलाकर 66 भवन स्वामियों पर लगाया 6.60 लाख जुर्माना

देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर पटेलनगर और रायपुर क्षेत्र में पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और संदिग्धों के सत्यापन के लिए अभियान चलाया। अभियान में 900 से अधिक किरायेदारों व बाहरी व्यक्तियों तथा आपराधिक मामलों में पूर्व में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे 23 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया।
किरायेदारों व घरेलू नौकरों का सत्यापन न कराने और अन्य अनियमितताएं मिलने पर 66 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान कर 6 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 30 व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को दोबारा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।