रामलीला मैदान में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के लिए भूमि पूजन
उत्तरकाशी। पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ एवं गौ प्रतिष्ठा समिति और सौम्य काशी ब्राह्मण सभा की ओर से प्रस्तावित महायज्ञ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को रामलीला मैदान में समिति पदाधिकारियों ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इस दौरान ब्राह्मणों ने हवन-यज्ञ कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की।
समिति अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने बताया कि 18 से 24 नवंबर तक सात दिवसीय पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गौ प्रतिष्ठा महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस अवसर पर विजय सेमवाल, प्रेम सिंह पंवार, विजय भट्ट, दिवाकर नैथानी, कमल बिजल्वाण, सुनील भट्ट और आदेश सेमवाल सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।