नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का धरना
हरिद्वार। नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और यूनीपोल आवंटन में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार के कार्यालय के बाहर धरना दिया। पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि निगम में यूनीपोल आवंटन के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला हो रहा है। कंपनियों को बिना निर्धारित किश्त जमा कराए भूमि और यूनीपोल दिए जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि एक ठेकेदार को 85 यूनीपोल की अनुमति दी गई है, जबकि 165 पोल पर विज्ञापन लगाए गए हैं। इसके बावजूद निर्धारित किश्तों की वसूली नहीं की जा रही है। उन्होंने दो वर्ष के ठेके की राशि 3 करोड़ 96 लाख 61 हजार 500 रुपये बताते हुए कहा कि कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है। अशोक शर्मा ने निगम कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा भी उठाया और चेतावनी दी कि कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। धरने में पार्षद सुनील कुमार, दिनेश पुंडीर, पुनीत कुमार, वसीम सलमानी और आशु श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।