मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में दुकान पर पी चाय, कीर्तिनगर में महिलाओं से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में दुकान पर पी चाय, कीर्तिनगर में महिलाओं से किया संवाद


श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर और कीर्तिनगर क्षेत्र में स्थानीय कारोबारियों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उन्हें करवाचौथ और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री की सहजता और आम लोगों के बीच पहुंचने की पहल चर्चा का विषय रही।
जीवीके हेलीपैड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और महापौर आरती भंडारी सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। देहरादून जाते समय मुख्यमंत्री श्रीनगर चुंगी के पास मंगल सिंह की चाय की दुकान पर रुके। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय पी और वहां मौजूद बच्चियों, नागरिकों तथा अधिकारियों को अपने हाथों से चाय परोसी। इस दौरान दुकानदार और स्थानीय लोगों से आत्मीय बातचीत भी की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कीर्तिनगर पुल के पास स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं के उत्पादों की बिक्री और विपणन के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से महिला समूहों को स्वरोजगार और आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की और करवाचौथ पर अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली और करवाचौथ की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय नेता लखपत भंडारी ने मुख्यमंत्री की सहजता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा जमीन से जुड़ा मुख्यमंत्री नहीं देखा। इस दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *