प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए-2 की तैनाती अनिवार्य

हरिद्वार। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र/मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की तैनाती को अनिवार्य बताते हुए सभी राजनीतिक दलों को एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और बीएलए इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि नियुक्त बीएलए-2 की सूची संशोधित प्रारूप में फोटो व मोबाइल नंबर सहित जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि बीएलए, बीएलओ के साथ समन्वय कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन व स्थानांतरण में नागरिकों का मार्गदर्शन करेंगे। बैठक में भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई(एम) सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।