महापीठ ने कांग्रेस पर दलित विरोधी राजनीति का लगाया आरोप

हरिद्वार। शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम के समर्थन में अपनी बात रखी।
सुरजीत सिंह ने दावा किया कि जांच में दुष्यंत कुमार गौतम का नाम सामने नहीं आने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर अंकिता के माता-पिता की पीड़ा को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच और वास्तविक दोषियों को सजा मिलना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से तथ्यों के आधार पर बात करने और दलित समाज के लोगों का सम्मान करने की अपील की। इस दौरान विश्व महापीठ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।