जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य: मुख्यमंत्री

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य: मुख्यमंत्री
 
 सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून/उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए तथा विभागीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों के उत्साह और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। उन्होंने पूर्व में घोषित डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
विधायक ने किया आभार व्यक्त
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बर्नीगाड़ आगमन पर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजकीय महाविद्यालय के शुभारंभ और विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *