जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड, देहरादून में राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित आदिवासी संस्कृति एवं हस्तकला की विशाल प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने के साथ ही देश की विविधतापूर्ण परंपराओं को समझने और उनका सम्मान करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आदि गौरव महोत्सव जनजातीय समाज की खुशियों, परंपराओं, संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट जीवनशैली, परंपराओं, प्रकृति के प्रति सम्मान तथा सांस्कृतिक मूल्यों से इस विविधता को समृद्ध किया है। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए राज्य जनजातीय शोध संस्थान एवं जनजाति कल्याण विभाग की सराहना करते हुए सभी आयोजकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां जनजातीय विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा एवं आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भोटिया और राजी जनजाति के बच्चों के लिए भी एकलव्य विद्यालय स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव श्रीधर बाबू अदाकी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, विभिन्न जनजातीय समुदायों के लोग, हस्तशिल्पी, स्थानीय उत्पादों से जुड़े उद्यमी, राज्य जनजातीय शोध संस्थान एवं जनजाति कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।