हेमा नेगी करासी के जागरों और भजनों से भक्तिमय हुई बैकुंठ चतुर्दशी मेले की पहली संध्या
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की पहली सांस्कृतिक संध्या लोकगायिका हेमा नेगी करासी के नाम रही। कमलेश्वर मैदान में आयोजित भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उमड़े। लोकगायिका के देवी-देवताओं के पारंपरिक जागरों और मां भगवती की स्तुति से पूरा मैदान भक्तिमय हो गया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और गढ़वाली लोकगीतों पर लोग देर रात तक झूमते रहे। भजन संध्या का शुभारंभ प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी और महंत नितिन पुरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक आस्था के साथ ही गढ़वाल की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रमुख उत्सव है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय लोक कलाकारों को मंच मिलता है और नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। कार्यक्रम में हेमा नेगी करासी ने मां भगवती की स्तुति और देवी-देवताओं के पारंपरिक जागरों से शुरुआत की। उनकी सुमधुर आवाज में प्रस्तुत जागरों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ऊंचा डांडा मेरी बामनी और जागर सहित कई गीत प्रस्तुत किए। उनकी गायकी में पहाड़ की लोक आस्था धार्मिक मान्यताओं रीति-रिवाजों और जनजीवन की झलक देखने को मिली। जागरों की लय और लोकगीतों की मधुर धुनों पर दर्शक तालियां बजाते और सुर से सुर मिलाते नजर आए। कमलेश्वर मैदान में देर शाम से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कार्यक्रम आगे बढ़ने के साथ दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या ने धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। हेमा नेगी करासी की प्रस्तुतियों ने गढ़वाली लोकगीतों और पारंपरिक जागरों की लोकप्रियता को एक बार फिर मंच पर जीवंत कर दिया।