श्रीनगर और श्रीकोट में कैबिनेट मंत्री के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जिले में आयोजित तिरंगा यात्राओं के क्रम में मंगलवार को श्रीकोट और श्रीनगर में कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोनों यात्राओं में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहली यात्रा श्रीकोट पेट्रोल पंप से मेडिकल कॉलेज सभागार तथा दूसरी पॉलिटेक्निक से मुख्य बाजार होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
समापन अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति और नागरिक कर्तव्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। रामलीला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

भगवानपुर में निकली भव्य तिरंगा रैली
हरिद्वार। हर घर तिरंगा अभियान के तहत विकासखंड भगवानपुर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित रैली में ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए जागरूक किया गया।