राजकीय महाविद्यालयों में हाईटेक होंगी प्रयोगशालाएं: डॉ. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि एमबी पीजी कॉलेज हल्द्वानी और राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार की प्रयोगशालाओं के उच्चीकरण हेतु 4 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। दोनों संस्थानों में 2-2 करोड़ की लागत से आईआईटी कानपुर के सहयोग से अत्याधुनिक लैब विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार और शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हाईटेक प्रयोगशालाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आधुनिक उपकरणों पर प्रायोगिक और शोध आधारित प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे वैश्विक मानकों के अनुरूप दक्ष बन सकेंगे। डॉ. रावत ने बताया कि आगामी चरणों में आईआईटी कानपुर, आईआईएससी बैंगलुरु और आईआईएसईआर मोहाली जैसे संस्थानों के सहयोग से प्रदेश के अन्य महाविद्यालयों में भी बेसिक साइंस, टिंकरिंग और एप्लीकेशन लैब स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही शिक्षकों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि महाविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित हो सके और उत्तराखंड को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मॉडल राज्य बनाया जा सके।