मातृ मृत्यु रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट एनआईसी कक्ष में मातृ मृत्यु की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की सतत निगरानी के साथ मेडिकल ऑफिसर, एएनएम, आशा एवं सीएचओ की जिम्मेदारियां तय करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने एड कॉलिंग के माध्यम से गर्भवती महिलाओं से समय पर संपर्क कर जांच, उपचार एवं प्रसव संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधानों एवं सामुदायिक नेताओं की सहभागिता से सुरक्षित मातृत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा। उन्होंने अनधिकृत निजी क्लीनिकों पर नियमानुसार कार्रवाई तथा पात्र बालिकाओं का भ्च्ट टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डेंगू सीजन को देखते हुए ब्लॉक प्रभारियों को सतर्क रहने और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रतिदिन क्षेत्रीय सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।