जिला प्रशासन ने बरसाती नाले पर अतिक्रमण किया ध्वस्त

देहरादून। जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण एवं अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में ग्राम गल्ज्वाड़ी, तहसील देहरादून में बरसाती नाले पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।
शिकायत के आधार पर किए गए निरीक्षण में पाया गया कि भूमाफियाओं द्वारा बरसाती नाले की लगभग 8 मीटर भूमि पर पक्की दीवार बनाकर प्राकृतिक जल प्रवाह को बाधित किया गया था। प्रशासन की टीम ने मौके पर अवैध प्लाटिंग गतिविधियों को तत्काल रोकते हुए नाले पर बनी दीवार को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
राजस्व अभिलेखों के परीक्षण में नाले की भूमि पर अवैध निर्माण की पुष्टि हुई, जिसे पूर्णतः गैरकानूनी मानते हुए कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जलस्रोतों, नालों एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग व भू-उपयोग परिवर्तन के मामलों में भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।