नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मुख्य सचिव ने दिलाई शपथ

हरिद्वार। जनपद भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रेस क्लब हरिद्वार की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महासचिव सूर्यकांत बेलवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पूरी महाराज ने अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई, जबकि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन और प्रेस का उद्देश्य आमजन का जीवन खुशहाल बनाना है, जिसके लिए आपसी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि खबरों की सत्यता बनाए रखना आज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को सभी के सहयोग से दिव्य और भव्य रूप में आयोजित करने का संकल्प दोहराया। समारोह के अंत में प्रेस क्लब की ओर से अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया गया।