चारधाम यात्रा 2026: व्यवस्थाएं चाक-चौबंद, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

चारधाम यात्रा 2026: व्यवस्थाएं चाक-चौबंद, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एनआईसी कक्ष में समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम संचालन, स्टाफ तैनाती और हेल्पलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। परिवहन विभाग द्वारा लगभग 500 बसों और 5000 टैक्सी/मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनका समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक प्लान को पहले से सार्वजनिक करने और जाम से निपटने हेतु पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती पर भी बल दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत प्रमुख स्थलों पर चिकित्सा इकाइयों, एंबुलेंस और चिकित्सकों की शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने वर्षाकाल को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी तैनाती, वैकल्पिक मार्गों के सुधार और बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *