सीएसआर सहयोग से नवीनीकृत चांदपुर आंगनवाड़ी केंद्र महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित

हरिद्वार। कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग और रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान (त्ैळै) के माध्यम से ग्राम पंचायत चांदपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को इसका लोकार्पण कर औपचारिक रूप से महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) अविनाश भदौरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं बाल-अनुकूल वातावरण वाले ऐसे केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ समुदाय की सहभागिता को भी बढ़ावा देंगे। उन्होंने पैनासोनिक और आरएसजीएस की इस पहल को सरकार और कॉर्पाेरेट क्षेत्र की प्रभावी साझेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
पैनासोनिक के उप महाप्रबंधक (एचआर) सौरभ गुप्ता ने कहा कि कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सीएसआर के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। वहीं आरएसजीएस की चेयरपर्सन कनिका शर्मा ने बताया कि केंद्र में भवन मरम्मत, रंग-रोगन, बाल-अनुकूल शैक्षणिक पेंटिंग और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे बच्चों को सुरक्षित और प्रेरक वातावरण मिल सके। समारोह में सीडीपीओ गीता शर्मा, ग्राम प्रधान अनिल सैनी, विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवीनीकृत केंद्र का औपचारिक हस्तांतरण किया गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समुदाय के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।