कोटद्वार में चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर धनतेरस पर फाइनेंस कराई बुलेट गोवा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

कोटद्वार में चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर धनतेरस पर फाइनेंस कराई बुलेट गोवा से गिरफ्तार हुआ आरोपी

 
 
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार में घर से ज्वैलरी चोरी करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने आरोपी को गोवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी की ज्वैलरी मुथूट फाइनेंस कोटद्वार में गिरवी रखकर करीब 90 हजार रुपये का ऋण लिया था और इसी रकम से धनतेरस के अवसर पर बुलेट मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नोज रिंग बरामद करने के साथ ही चोरी की ज्वैलरी से फाइनेंस कराई गई बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है। कोटद्वार निवासी तपस्या रावत ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर ज्वैलरी चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने चोरी का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इस दौरान फुटेज में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच में मिले साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसकी चोरी की घटना में संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी रोहित को गोवा से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पीड़िता के घर से चोरी की गई नोज रिंग भी बरामद की गई। आरोपी को गोवा से ट्रांजिट रिमांड पर कोटद्वार लाया गया। इसके बाद न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 5 नवंबर 2026 की रात घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी की ज्वैलरी को उसने मुथूट फाइनेंस कोटद्वार में गिरवी रखकर करीब 90 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस धनराशि से उसने धनतेरस के अवसर पर बुलेट मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित पुत्र जयपाल निवासी कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी की ज्वैलरी नोज रिंग और चोरी की रकम से फाइनेंस कराई गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन कांस्टेबल चंद्रपाल कांस्टेबल आशीष बिष्ट और सीआईयू के कांस्टेबल अवनीश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *