छह साल के प्रेम संबंध के बाद निकाह से मुकरने का आरोप

 प्रेमी की बारात से पहले पुलिस चौकी पहुंची युवती

लक्सर। छह साल तक प्रेम संबंध रखने और निकाह का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने प्रेमी के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर दी है। युवती का आरोप है कि प्रेमी अब किसी दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है। 24 नवंबर को निकाह होने की जानकारी मिलने पर युवती बारात निकलने से पहले ही पुलिस चौकी पहुंच गई और कार्रवाई की मांग की।
मामला लक्सर क्षेत्र से जुड़ा है। युवती के मुताबिक भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के बाकरपुर गांव निवासी के साथ वर्ष 2020 से उसके प्रेम संबंध थे। आरोप है कि युवक ने निकाह का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पिछले तीन महीने से युवक के व्यवहार में बदलाव आने लगा और वह निकाह की बात टालने लगा। इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि युवक 24 नवंबर को भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है।
इसके बाद युवती ने पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी और प्रेमी से निकाह कराने की मांग की। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह स्वयं नहीं पहुंचा। उसकी जगह उसके भाई और कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि युवती की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *