सड़क के डामरीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ
रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायत सांदर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत 2.85 किलोमीटर लंबी सड़क के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शुभारंभ किया। इस कार्य पर 4.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया।
मंत्री ने कहा कि सड़क का डामरीकरण पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग को पोखरी मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए जिला योजना के तहत 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही यह कार्य भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के द्वितीय चरण में उत्तराखंड के लिए 528 सड़कों की स्वीकृति मिलने जा रही है, जिनमें रुद्रप्रयाग की 50 से अधिक सड़कें शामिल होंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ग्राम प्रधान विजयपाल जगवाण सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।