सतत मिलाप टीम ने सुनी पूर्व सैनिकों की समस्याएं, श्वेता पंवार को किया सम्मानित

सतत मिलाप टीम ने सुनी पूर्व सैनिकों की समस्याएं, श्वेता पंवार को किया सम्मानित
 
उत्तरकाशी/लंबगांव। 21वीं गढ़वाल राइफल की सतत मिलाप टीम ने बुधवार को महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में पूर्व सैनिक संगठन प्रतापनगर से जुड़े पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं। टीम ने उन्हें छात्रवृत्ति, पेंशन वृद्धि, प्रमाणपत्रों के शुद्धीकरण और जीवन प्रमाणपत्र सत्यापन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के जीवन प्रमाणपत्रों का सत्यापन भी किया गया। इस दौरान देहरादून में सड़क हादसे के दौरान बुजुर्ग की जान बचाने वाली उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित श्वेता पंवार को सम्मानित किया गया। श्वेता विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। टीम ने कार्यक्रम में शामिल न हो सके पूर्व सैनिकों के घर पहुंचकर भी उनकी समस्याएं सुनीं और जीवन प्रमाणपत्र प्राप्त किए। साथ ही कारगिल शहीद वीरेंद्र सिंह चौहान की पत्नी बांसुरी देवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष युद्धवीर राणा ने टीम का आभार जताते हुए लंबगांव में सेना की कैंटीन खोलने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों के निवास के बावजूद कैंटीन की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *