राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों और आंदोलनकारियों की शहादत को किया नमन
देहरादून/चमोली/पौड़ी/टिहरी/उत्त रकाशी। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ प्रदेशभर में हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। विभिन्न जनपदों में आयोजित समारोहों में राज्य निर्माण के अमर शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनियां और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और पृथक उत्तराखंड राज्य के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों और पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पौड़ी में आंदोलनकारियों को किया नमन
पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस पर प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक राजकुमार पोरी ने राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट और समाज कल्याण विभाग के सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। सांस्कृतिक दलों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
विकास पुस्तिका का किया विमोचन
रुद्रप्रयाग। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एनआईसी कक्ष में विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट और जिला पंचायत सदस्य अमित मेखण्डी ने संयुक्त रूप से किया। पुस्तिका में राज्य सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विवरण दिया गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अगस्त्यमुनि खेल छात्रावास से आईं पदक विजेता छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्रावास की सुविधाओं, प्रशिक्षण, पढ़ाई और खेल गतिविधियों की जानकारी लेते हुए छात्राओं की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
योजनाएं घर-घर पहुंचाने का लिया संकल्प
श्रीनगर गढ़वाल। राज्य स्थापना दिवस पर भाजपा विधि प्रकोष्ठ पौड़ी गढ़वाल के अधिवक्ताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया। प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ सरकारी योजनाओं और कानूनी जागरूकता को दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
टिहरी में धूमधाम से मना 26वां राज्य स्थापना दिवस
टिहरी। नई टिहरी के प्रताप इंटर कॉलेज परिसर में राज्य स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने राज्य आंदोलनकारियों को माला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि राज्य का गठन आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी की स्मृति में जिला मुख्यालय पर प्रतिमा स्थापित करने की बात कही। जिलाधिकारी ने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया। समारोह में विभागीय प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।
साइबर अपराध और नशे के प्रति किया जागरूक
चमोली। राज्य स्थापना दिवस पर गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित परेड के दौरान चमोली पुलिस ने जनजागरूकता अभियान चलाया। साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने परेड देखने पहुंचे छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा अनजान लिंक से बचने की जानकारी दी। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने और समाज को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता के बालिका एकल वर्ग में रिद्धि विजेता
टिहरी। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। बालक एकल वर्ग में अरवन पुंडीर ने दक्ष रावत और गौरव पुंडीर ने माधव को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। बालिका एकल वर्ग के फाइनल में रिद्धि ने प्राप्ति को पराजित कर विजेता का खिताब जीता। जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा को निखारने में सहायक हैं।
राज्य आंदोलनकारियों और परिजनों को किया सम्मानित
देहरादून। राज्य स्थापना दिवस पर जनपद की विभिन्न तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। विकासनगर में विधायक मुन्ना सिंह चौहान और सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। इसी क्रम में कालसी, चकराता, ऋषिकेश और डोईवाला में भी कार्यक्रम आयोजित कर राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
हरिद्वार। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया और स्कूली बच्चों ने लोकगीत एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने जनपद में यूसीसी के एक लाख से अधिक पंजीकरण, 71 बहुउद्देशीय शिविरों और 51 हजार से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने सहित विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विकास पुस्तिका का विमोचन, विभागीय प्रदर्शनी और मतदाता जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया गया।
उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने उठाए सवाल
हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दे आज भी चुनौती बने हुए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में पर्वतीय विकास मंत्रालय, कौशिक एवं बर्थवाल समितियों के गठन और उत्तराखंड राज्य गठन का प्रस्ताव केंद्र को भेजे जाने का उल्लेख किया। सिद्दीकी ने बेरोजगारी, पलायन, बिजली की कमी और बढ़ते अपराध को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कौशिक समिति की रिपोर्ट पर अमल करने की मांग करते हुए मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आंदोलनकारी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव आयोजित किया गया। समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। स्कूली बच्चों ने लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विकास पुस्तिका 2026 का विमोचन किया गया। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं।
अंडर-20 जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू
उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रामलीला मैदान में अंडर-20 बालक वर्ग की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हुई। खेल निदेशालय और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले की 10 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन जय नागराजा क्लब चिन्यालीसौड़ ने रैक्स धनारी को 33-14 से हराया। डुंडा ने जीआईसी बड़ेथी को 42-14 से पराजित किया। फोल्ड धनारी ने कबड्डी बॉयज को 29-26 से हराया, जबकि गंगोत्री क्लब ने ब्रह्मखाल पैंथर को 29-17 से शिकस्त दी। जय नागराजा क्लब ने डुंडा को 22-20 से हराया। प्रतियोगिता का समापन 10 नवंबर को होगा।