विद्यार्थियों की वक्तृत्व कला ने जीता सबका दिल

हरिद्वार। सीतापुर, ज्वालापुर स्थित धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
निदेशक मुकुल चौहान और प्रधानाचार्या साधना भाटिया की उपस्थिति में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ तक के प्रतिभागियों का मूल्यांकन नेहा पंत और प्राची त्यागी ने किया। कक्षा नौ से 12 तक के निर्णायक डॉ. नीतू त्यागी और प्राची त्यागी रहीं। कक्षा छह में राधिका, सात में अंश खत्री और आठ में केसर प्रथम रहे। कक्षा नौ-दस में मानसी पंत तथा कक्षा 11-12 में कृष्णा शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। निदेशक मुकुल चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वक्तृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और तार्किक चिंतन विकसित करना है। प्रधानाचार्या साधना भाटिया ने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।