युवा महोत्सव में 15 विकासखंडों के युवा दिखा रहे प्रतिभा

पौड़ी। पौड़ी के प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। महोत्सव में जनपद के सभी 15 विकासखंडों के युवा लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी और नुक्कड़ नाटक सहित सात विधाओं में प्रतिभा दिखा रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय महोत्सव में अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा निखारने और लोक संस्कृति के संरक्षण का मंच हैं। इस दौरान उत्कृष्ट महिला मंगल दलों में मासौं प्रथम, ग्वारी द्वितीय और ताछला तृतीय रहा। युवक मंगल दलों में नाद मल्ला प्रथम, बड़गांव मल्ला द्वितीय और बिथ्याणी तृतीय स्थान पर रहे। विजेता दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया।