बद्रीनाथ धाम में महिला फायर कर्मियों ने आग पर पाया काबू

चमोली। बद्रीनाथ धाम में महिला फायर कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से आग लगने की घटना पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम के पास बामणी गांव स्थित एक घर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मंदिर ड्यूटी पर तैनात महिला फायर कर्मी एफएम रश्मि और सुदाक्षी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। महिला फायर कर्मियों की मुस्तैदी से आग को फैलने से रोकने में सफलता मिली। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सराहना की।