अवधूत मंडल आश्रम का 450 वर्ष पुराना सिद्धपीठ हनुमान मंदिर आस्था का केंद्र

हरिद्वार। श्री अवधूत मंडल आश्रम में स्थित लगभग 450 वर्ष पुराना सिद्धपीठ श्री बालाजी महाराज मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां दूर-दराज से भक्त बजरंगबली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी अक्षित शर्मा ने बताया कि श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा कर हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। आश्रम में प्राचीन श्रीराम दरबार मंदिर भी स्थित है, जहां भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के दर्शन किए जा सकते हैं। मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह प्रत्येक मंगलवार को बालाजी महाराज के दर्शन और हनुमान चालीसा का पाठ करती हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में उन्हें मानसिक शांति मिलती है। श्रद्धालुओं के अनुसार, यह प्राचीन मंदिर उनकी आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।