मैराथन में मुकेश और तनुश्री ने मारी बाजी, कैबिनेट मंत्री ने विजेताओं को किया सम्मानित

टिहरी। 50वें मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी और मैराथन स्पर्धाओं के विजेताओं को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन मेला खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण की देखरेख में किया गया।
पुरुष कबड्डी के फाइनल में राजन क्लब लक्सर ने खिताब जीता और 21 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। बेल्डा रुड़की की टीम उपविजेता रही, जिसे 15 हजार रुपये मिले। बालिका वर्ग में उत्तराखंड कबड्डी अकादमी विकासनगर विजेता बनी, जबकि पिथौरागढ़ की टीम दूसरे स्थान पर रही। दोनों टीमों को क्रमशः 21 हजार और 15 हजार रुपये दिए गए।
महिला मैराथन में देहरादून की तनुश्री चौहान ने प्रथम स्थान हासिल कर 11 हजार रुपये जीते। भागीरथी दूसरे और अन्नु कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष मैराथन में मुकेश ने पहला स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। रोहित राजगुरु दूसरे और सतीश रौथाण तीसरे स्थान पर रहे। पुरुष मैराथन का विशेष आकर्षण 11 वर्षीय कुलदीप भारद्वाज रहे, जिन्होंने सबसे कम उम्र के धावक के रूप में दौड़ पूरी की। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर खेल प्रेमी, प्रशिक्षक, निर्णायक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों और दीक्षा बडोनी के नृत्य ने बांधा समां
टिहरी। मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित सातवीं सांस्कृतिक संध्या गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों और मशहूर नृत्यांगना दीक्षा बडोनी की प्रस्तुतियों के नाम रही। नरेंद्रनगर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े और देर रात तक गीत-संगीत का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेला संरक्षक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विशिष्ट अतिथि राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, नरेंद्र सिंह नेगी, विनीता बिष्ट और गजा नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह नेगी और दीक्षा बडोनी को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि मेले के आयोजन के लिए समाजसेवी दिनेश चमोली ने 21 लाख, वेस्टर्न होटल समूह ने 20 लाख और ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने 10 लाख रुपये की सहयोग राशि दी है। नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने सुपुत्र कविलाश नेगी के साथ लोकप्रिय गीत ‘मेरे को पहाड़ी ना बोलो’ प्रस्तुत किया। इसके बाद ‘तेरो मछोई’, ‘नारंगी की दाणी’, ‘नौछमी नरैणा’ और ‘क्या दिन क्या रात’ जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, दीक्षा बडोनी ने ‘झुमकी मेरी पहाड़न’ और ‘नखर्याली’ जैसे गीतों पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सातवीं सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।