दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, रेस्टोरेंट बंद

दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, रेस्टोरेंट बंद


देहरादून। न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया। निरीक्षण में सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री, कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी के साथ सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का सुधार नोटिस जारी किया गया है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों पर सचिव सीमा डुंगराकोटी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। रसोईघर, फ्रीजर, स्टोर रूम, खाद्य सामग्री के भंडारण और बर्तन धुलाई क्षेत्र की जांच की गई। निरीक्षण में फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सहित कई सब्जियां सड़ी मिलीं। करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन सामग्री भी मिली। मसालों की थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई थीं। बर्तन धुलाई क्षेत्र में कई दिन पुराने जूठे बर्तन, कूड़ा और गंदगी मिली। नालियां जाम थीं तथा ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब पाई गई। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच संबंधी अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए। मौके पर पांच किलो बासी चावल, 15 किलो सब्जियां, दो किलो मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई गई।
सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस प्रकार की अनियमितताएं चिंताजनक हैं। संचालक को 14 दिन में सफाई, पेस्ट कंट्रोल, ड्रेनेज सुधार, पेयजल जांच और आवश्यक अभिलेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण होगा। सुधार नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबन सहित वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *