पीएचसी के उच्चीकरण का शासनादेश जारी, धरना एक माह के लिए स्थगित

हरीश चन्द्र
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण और डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर जारी आंदोलन के बीच शासनादेश जारी होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। 14 सितंबर से तहसील परिसर में क्रमिक अनशन कर रहे स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को 27वें दिन सीएमओ और सीडीओ ने शासनादेश सौंपा।
शासनादेश मिलने के बाद संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजीव भट्ट और आंदोलनकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की तैनाती तथा मशीनों का संचालन शुरू करने के लिए शासन-प्रशासन को एक माह का समय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में व्यवस्था शुरू नहीं हुई तो स्वास्थ्य केंद्र में तालाबंदी कर दोबारा आंदोलन किया जाएगा। सीएमओ और सीडीओ ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, पीएचसी के उच्चीकरण का शासनादेश जारी होने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल का आभार जताया। विधायक ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे। इस मौके पर प्रधान संगठन मंत्री मदन भट्ट, संरक्षक मनवर सिंह रावत, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रूवाण, विनोद देवशाली, सरिता देवी, प्रदीप राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।