पुलिस लाइन में एसएसपी ने साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर दिए निर्देश

टिहरी। पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। एसएसपी श्वेता चौबे ने परेड में प्रतिभाग कर पुलिस अधिकारियों, जवानों और प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।
परेड के दौरान मार्च ड्रिल, शस्त्र संचालन और शारीरिक दक्षता संबंधी अभ्यास किए गए। एसएसपी ने जवानों की फुर्ती, अनुशासन, टीमवर्क और कमांड पर प्रतिक्रिया का जायजा लेते हुए प्रशिक्षण को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर भोजनालय, प्रशिक्षण कक्ष, बैरक और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। एसएसपी ने पुलिस लाइन में चल रहे मरम्मत और निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।