नशे की राह छोड़ शिक्षा और सफलता की राह चुनें

चमोली। नेह ट्रस्ट फाउंडेशन की ओर से पीएम श्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज ग्वाड़ देवलधार में “नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल व रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में “जहर की राह” लघु फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति जागरूकता क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित हुई और विजेताओं को सम्मानित किया गया। एसपी ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकारात्मक संगति अपनानी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।