स्कूलों और ग्राम पंचायतों में निकली तिरंगा व साइकिल रैली

हरिद्वार। शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के क्रम में रविवार को विभिन्न स्कूलों एवं विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में तिरंगा और साइकिल रैली निकाली गई।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय रोशनाबाद, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय शिकारपुर, नेता सुभाष चंद्र आवासीय विद्यालय लालढांग और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भगवानपुर में विद्यार्थियों ने वंदेमातरम गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली में भाग लिया। जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खां ने बताया कि खानपुर, लक्सर और चंदपुर बंगार में साइकिल एवं पैदल रैली निकाली गई। ढाढकी समेत अन्य ग्राम पंचायतों में भी छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने तिरंगा रैली निकालकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।