धूमधाम से मनाया गया पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय का स्थापना दिवस’

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
रानीखेत। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत में नवोदय स्थापना दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त मजिस्ट्रेट सुश्री दीक्षिता जोशी ने शिरकत की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कुमाऊँ की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करते हुए मनमोहक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि सुश्री दीक्षिता जोशी तथा प्राचार्य पंकज कुमार श्रीवास्तव और वरिष्ठ शिक्षकों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संगीत शिक्षक डीसी जोशी के मार्गदर्शन में विद्यालय के संगीत समूह द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई। स्थापना दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कुमाऊँ की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करते हुए मनमोहक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। कविता तथा भाषणों के माध्यम से छात्रों ने अपने संबोधनों में नवोदय परिवार से मिलने वाले संस्कारों और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को रेखांकित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा दी गई उत्कृष्ट एवं हैरतअंगेज योग प्रस्तुति रही। संचालन श्रीमती घनाक्षी पाण्डेय द्वारा प्रभावपूर्ण तरीके से किया गया। जिसने अंत तक दर्शकों को बाँधे रखा। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक लाखन सिंह राणा, श्रीमती अनुराधा शर्मा, इफ़्तिखार अहमद, मनोज भंडारी, श्रीमती कल्पना त्यागी, आदिल खान तथा ज्योति बोहरा आदि का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में वर्ष भर अकादमिक खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।