दून पुलिस ने 6 घंटे में खोजा लापता 13 वर्षीय बालक

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / हरीश साहनी,
देहरादून। राजपुर क्षेत्र से घर छोड़कर गए 13 वर्षीय बालक को दून पुलिस ने महज छह घंटे में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बताया था कि बालक बिना बताए घर से चला गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ उसके दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान बालक के देहरादून रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में बालक ने बताया कि पढ़ाई को लेकर परिजनों के दबाव और डांट से नाराज होकर वह घर छोड़कर किसी ट्रेन से दूर जाने की योजना बना रहा था। समय रहते पुलिस ने उसे सुरक्षित संरक्षण में लेकर परिवार से मिला दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, कांस्टेबल ललित रावत, कांस्टेबल दिशांत और हेड कांस्टेबल किरण (एसओजी) शामिल रहे।