सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 30 लोगों पर पुलिस की कार्रवाई

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शनिवार रात को कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे, खुले स्थानों और वाहनों में शराब पीने वालों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 30 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, हुड़दंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। लोगों से कानून का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई।