एडीएम ने विद्यालय, पुलिस चौकी व मतदान केंद्र का किया निरीक्षण

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सकलाना क्षेत्र का भ्रमण कर कुमाल्डा के विद्यालयों, पुलिस चौकी तथा दुबड़ी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। विद्यालयों में उन्होंने साफ-सफाई, झाड़ियों की नियमित कटाई, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया। शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस चौकी कुमाल्डा में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और सौंग बांध परियोजना में कार्यरत श्रमिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। दुबड़ी मतदान केंद्र पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने मतदाता सूची का कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कानून-व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वाेच्च प्राथमिकता है।