प्रोजेक्ट स्नेह के तहत बालिकाओं को मिलेगा सुरक्षित संवाद और करियर मार्गदर्शन

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अभिनव पहल प्रोजेक्ट स्नेह (सेफ्टी, नर्चरिंग, एम्पावर, हेल्प) का विकासखंड सभागार अगस्त्यमुनि में शुभारंभ हुआ। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शुरू इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों और बालिकाओं को सुरक्षित संवाद, मनोवैज्ञानिक परामर्श, करियर मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। कार्यशाला में शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को काउंसलिंग, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार और संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों में जाकर बालिकाओं की समस्याएं गोपनीयता के साथ सुनी जाएंगी तथा संबंधित विभागों के समन्वय से उनका समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान के तहत 140 पुस्तकें भी भेंट की गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 150 पुस्तकें दान किए जाने के बाद अब तक लगभग 500 पुस्तकें संग्रहित हो चुकी हैं।