राज्यपाल से भेंट कर दी भारत दर्शन कार्यक्रम की जानकारी

देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा के विधायक ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट कर मेधावी विद्यार्थियों के लिए अपनी पहल भारत दर्शन कार्यक्रम की जानकारी दी। विधायक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की संस्कृति, विरासत और विकास यात्रा से परिचित कर उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। राज्यपाल ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गौरव, सकारात्मक सोच और व्यापक दृष्टिकोण विकसित करते हैं। विधायक ने कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले विद्यार्थियों के दल को राजभवन में मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया, जिस पर राज्यपाल ने सहमति जताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।