सिल्ली भूस्खलन क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

सिल्ली भूस्खलन क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश


रुद्रप्रयाग। लगातार बारिश के बीच केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सिल्ली के समीप भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश देते हुए प्रभावित ढलान के स्थायी संरक्षण के लिए तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि भूस्खलन के बाद सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल एक समय में एक ही वाहन को गुजरने की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को टीएचडीसी के तकनीकी सहयोग से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के सुदृढ़ीकरण और ढलान संरक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

बाईपास टनल सुरक्षित, डीएम ने किया निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ हाईवे को बद्रीनाथ हाईवे से जोड़ने वाली 910 मीटर लंबी रुद्रप्रयाग बाईपास टनल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और भू-वैज्ञानिकों को प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण कर आवश्यक तकनीकी जांच के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लगातार बारिश के कारण टनल के बाहरी स्लोप ट्रीटमेंट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ, जिससे जनरेटर रूम की छत को आंशिक क्षति पहुंची है, लेकिन टनल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और यातायात सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि के तहत आवश्यक मरम्मत और स्लोप ट्रीटमेंट दोबारा कराने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *