पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में दो दिवसीय राष्ट्रीय एकता पर्व का हुआ शुभारंभ

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / भुवन बिष्ट,
रानीखेत -पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाले वार्षिक कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत और कला उत्सव’ के कार्यक्रमों का विधिवत उद्धघाटन विद्यालय की प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर विजयंत महादिक के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य राकेश दूबे, उप प्राचार्य हरिशंकर सैनी, प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ ही संकुल के आठ विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आये कुल 210 विद्यार्थी एवं 19 अनुरक्षक शिक्षक भी उपस्थित रहे।
कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करना, भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा विभिन्न केन्द्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उद्घाटन समारोह उत्साह, अनुशासन एवं सांस्कृतिक गरिमा के वातावरण में संपन्न हुआ। आगामी दो दिनों तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मेजबान विद्यालय के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना एवं स्वागत गीत के द्वारा मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विजयंत महादिक के साथ ही विविध कार्यक्रमों के निर्णयक मण्डल का स्वागत एवं बैज अलंकरण किया गया। प्राचार्य द्वारा अतिथियों का औपचारिक हरित स्वागत भी किया गया। मंच संचालन करते हुए शिक्षिका श्रीमती मेघा पाठक द्वारा दिन भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कार्यक्रम की दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराया गया। उद्घाटन समारोह के उपरांत एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत सहयोगी राज्य तेलंगाना पर आधारित समूह नृत्य एवं समूह गायन की रंगारंग प्रस्तुतियां हुईं।इसके साथ साथ तेलंगना राज्य से सम्बंधित प्रश्नोत्तरी, दृश्य कला, मूर्तिकला एवं चित्रकला प्रदर्शनी भीआयोजित हुई। तत्पश्चात सुषिर संगीत और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मन मोह लिया।