धरना स्थल पर वार्ता से समाधान का दिया भरोसा

देहरादून। नगर निगम देहरादून में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूरी यूनियन का धरना छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगों के समाधान के लिए सरकार गंभीर है तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं। वर्मा ने कहा कि समस्याओं का स्थायी समाधान संवाद और वार्ता से ही संभव है। इससे पहले उन्होंने यूनियन पदाधिकारियों और महापौर सौरभ थपलियाल से अलग-अलग बैठक कर मांगों पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी वाजिब मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने भी वार्ता के माध्यम से समाधान की उम्मीद जताई।