सनसनी: किराये के कमरे में मिला युवक का शव, महिला गोली लगने से घायल, प्रेम प्रसंग की आशंका

सनसनी: किराये के कमरे में मिला युवक का शव, महिला गोली लगने से घायल, प्रेम प्रसंग की आशंका
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / गजमफर अली,
देहरादून/विकासनगर। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार को एक किराये के कमरे से युवक का शव और एक महिला के गोली लगने से घायल मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले महिला को गोली मारी और फिर स्वयं को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान कमलेश, निवासी चकराता के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला संगीता, निवासी त्यूणी बताई जा रही है। महिला को गंभीर हालत में लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई देने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर कमलेश खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि संगीता गंभीर रूप से घायल मिली। सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि संगीता अपने बच्चों के साथ इस मकान में किराये पर रहती थी। घटना के समय उसके बच्चे स्कूल गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कमलेश का महिला के घर अक्सर आना-जाना था, जिससे पुलिस दोनों के संबंधों के पहलू की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है, लेकिन पुलिस ने इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि मृतक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं और महिला भी घायल है। महिला के पति और अन्य परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और घायल महिला के बयान के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *