पुलिस ने 5 हजार के इनामी चरस सप्लायर को उत्तरकाशी से दबोचा

श्रीनगर गढ़वाल। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने दो एनडीपीएस मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी चरस सप्लायर को उत्तरकाशी के मनेरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मार्च और जून 2026 में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल दो किलो से अधिक अवैध चरस बरामद हुई थी। जांच के दौरान बरामद चरस की आपूर्ति मनेरी निवासी बृजपाल द्वारा किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे दोनों मामलों में नामजद कर उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी को पुलिस ने तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से 18 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय रमन, हेड कांस्टेबल दिनेश दिलवाल और कांस्टेबल सतपाल भंडारी शामिल रहे।