रजत सिंह पुंडीर को मिली दो बास्केटबॉल टीमों की कमान

हरिद्वार। बास्केटबॉल के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को नई दिशा देने की पहल के तहत रजत सिंह पुंडीर को ’’रामाया रॉयल्स अंडर-17 गर्ल्स टीम’’ और ’’हूप हस्टलर्स अंडर-13 मिनी यूथ टीम’’ का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के खेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
रजत सिंह पुंडीर लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर से प्रशिक्षित प्रमाणित बास्केटबॉल कोच हैं। उन्होंने आधुनिक कोचिंग तकनीकों, खेल विज्ञान, खिलाड़ी विकास और प्रतिस्पर्धी बास्केटबॉल का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अब वे अपने अनुभव और ज्ञान का लाभ युवा खिलाड़ियों को देंगे। रजत सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और टीम भावना का समग्र विकास करना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। खेल प्रेमियों और बास्केटबॉल समुदाय ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में दोनों टीमें नई ऊंचाइयों को छुएंगी और भविष्य में उल्लेखनीय सफलताएं हासिल करेंगी।