हरिद्वार में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 30 अवैध खोखे-फड़ हटाए

हरिद्वार में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 30 अवैध खोखे-फड़ हटाए


हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में भूपतवाला से पुराने एआरटीओ चौक तक व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क, फुटपाथ, पुलों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए करीब ’’30 खोखे, फड़, ठेली और झुग्गी-झोपड़ियों’’ को हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुचारु यातायात और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा बनने वाले सभी अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान यातायात और व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें। प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *