उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ का बड़ा कदम, ’’हिमाला जल’’ से पेयजल कारोबार में नई शुरुआत

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) ने सहकारिता के क्षेत्र में अपनी गतिविधियों का विस्तार करते हुए पेयजल उद्योग में प्रवेश करने की तैयारी पूरी कर ली है। हरिद्वार के जमालापुर में आधुनिक मिनरल ड्रिंकिंग वाटर प्लांट का निर्माण तेजी से चल रहा है। प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला के निर्देश पर वरिष्ठ प्रबंधक त्रिभुवन सिंह रावत ने संयंत्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्य, मशीनरी स्थापना और उत्पादन तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी कार्य 15 अगस्त से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संघ का नया ब्रांड ’’श्हिमाला जलश्’’ आगामी ’’15 अगस्त’’ से बाजार में उतारने का लक्ष्य रखा गया है। यह ब्रांड उत्तराखंड की शुद्धता, गुणवत्ता और सहकारिता की पहचान के रूप में स्थापित किया जाएगा। प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला ने बताया कि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में संघ का लक्ष्य वार्षिक कारोबार को ’’500 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1000 करोड़ रुपये’’ तक पहुंचाना है। इसके लिए पेयजल, कृषि आधारित उत्पादों और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक प्लांट स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। उत्पादन, पैकेजिंग, गुणवत्ता परीक्षण, परिवहन और विपणन से बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ’’हिमाला जल’’ देवभूमि की प्राकृतिक शुद्धता और भरोसे का प्रतीक बनकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा तथा आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।