सत्यापन न कराने पर 52 मकान मालिकों से वसूला 5.20 लाख जुर्माना

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर ’“ऑपरेशन प्रहार”’ के तहत दून पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों एवं जनपदों से आकर निवास कर रहे किराएदारों, फड़-फेरी एवं ठेली लगाने वालों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 12 जुलाई को पटेलनगर, विकासनगर, रानीपोखरी और सेलाकुई थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 1000 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 52 मकान मालिकों के विरुद्ध धारा 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए 5 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 28 व्यक्तियों का धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जनपदभर में सत्यापन एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से किराएदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की है।