सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाओं से पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान: सतपाल महाराज

पौड़ी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाएं पूरी होने के बाद चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने ’’123.18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कुल्हाड बैंड-किनसूर-भरवाड़ी-कैण्डुल-डलगांव-उमन-किनसूर मोटर मार्ग’’ का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, जमरानी बांध और सौंग बांध जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि सतपुली में करीब ’’56 करोड़ रुपये की लागत से 750 मीटर लंबी झील’’ का निर्माण किया जा रहा है। इससे वॉटर स्पोर्ट्स, साहसिक पर्यटन और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि बीरोंखाल विकासखंड में प्रस्तावित ’’123.41 करोड़ रुपये की स्यूंसी झील (बैराज) परियोजना’’ पर्यटन विकास के साथ जल संरक्षण, पेयजल उपलब्धता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।