टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस सहित तीन रेल सेवाओं का शुभारंभ, उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक रेल संपर्क हुआ मजबूत

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस सहित तीन रेल सेवाओं का शुभारंभ, उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक रेल संपर्क हुआ मजबूत


बरेली/टनकपुर। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अजय टम्टा ने सोमवार को टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार का वर्चुअल शुभारंभ कर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे में तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। साथ ही सामान्य यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार नए द्वितीय श्रेणी कोच तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का सशक्त सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे महाराष्ट्र सहित मध्य भारत से उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्रियों रवनीत सिंह, अजय टम्टा और जितिन प्रसाद ने कहा कि नई रेल सेवाओं से सिख श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन ट्रेनों से क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *