48 घंटे में दिल्ली से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा नाबालिग

टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ’’श्वेता चौबे’’ के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों की तलाश के अभियान के तहत कैम्पटी पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को महज 48 घंटे के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 30 जून को परिजनों ने कोतवाली कैम्पटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र 29 जून को परोगी से अपने गांव चिलामू लौटते समय बंदरकोट से लापता हो गया था। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जनपदों से समन्वय के आधार पर तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 2 जुलाई को नाबालिग को दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की। बरामदगी टीम में अपर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।